PM Modi- ये मोदी की मजबूत सरकार है ये आतंकियों को घर में घुस कर मारती है, पीएम ने कांग्रेस पर भी साधा निशाना।

PM Modi- ये मोदी की मजबूत सरकार है ये आतंकियों को घर में घुस कर मारती है, पीएम ने कांग्रेस पर भी साधा निशाना।

61 Views -
 
 

पीएम नरेंद्र मोदी ने ऋषिकेश में आयोजित जनसभा में कहा कि जब-जब देश में कमजोर और अस्थिर सरकारें रहीं, तब-तब दुश्मनों ने फायदा उठाया। आतंकवाद ने पैर पसारे। आज भारत में मोदी की मजबूत सरकार है, इसलिए आतंकवादियों को घर में घुस कर मारा जाता है। उन्होंने ऐलान किया कि अगले पांच साल तक लोगों को इलाज और राशन मुफ्त मिलता रहेगा। चुनाव में भाजपा की मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस पर उन्होंने जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों में सब कुछ लुट जाता था। लेकिन मोदी ने यह लूट बंद कर दी है। इसलिए उनका गुस्सा सातवें आसमान पर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ब्रह्म कमल की भूमि है।

ऋषिकेश में हुई पीएम की रैली में गढ़वाल की तीन सीटों हरिद्वार, टिहरी और गढ़वाल लोस सीट की 24 विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे थे। प्रधानमंत्री के मंच पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें पहाड़ी वाद्य यंत्र हुडका उपहार स्वरूप दिया। पीएम ने अपने भाषण की शुरुआत हुड़का से की। कहा, उत्तराखंड देवभूमि है और देवभूमि में देवताओं का आह्वान करने की परंपरा है। हुड़का की थाप से देवताओं का आह्वान किया जाता है। मुझे देवता रूपी जनता जनार्दन का आह्वान करने के लिए हुड़का बजाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

कांग्रेस सरकार होती तो वन रैंक वन पेंशन कभी भी लागू नहीं होता-
मोदी कांग्रेस पर जमकर बरसे। कहा, कांग्रेस की सरकार होती तो वन रैंक वन पेंशन कभी भी लागू नहीं होता। मोदी यह गांरटी दी थी, इसे पूरा किया। कांग्रेस कहती थी कि ओआरपी लागू करक पूर्व सैनिकों को 500 करोड़ रुपये देंगे। हमने पूर्व सैनिकों के बैंक खातों में एक लाख करोड़ रुपये ज्यादा पहुंचा दिए। उत्तराखंड में पूर्व सैनिक परिवारों को 3500 करोड़ रुपये से ज्यादा मिले। कांग्रेस के समय तो जवानों के पास बुलेट प्रूफ जैकेट तक की कमी थी। दुश्मन की गोली से बचाने का पुख्ता इंतजाम नहीं था।

कांग्रेस विकास और विरासत दोनों की है विरोधी-
उन्होंने कांग्रेस को विकास और विरासत विरोधी करार दिया। कहा, कांग्रेस ने राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए। यह कांग्रेस ही है जिसने पहले राम मंदिर का विरोध किया। जितने अड़ंगे डाल सकते थे डाले। अदालतों में रुकावट डालने की कोशिश की। लेकिन राम मंदिर बनाने वालों ने कांग्रेस के सारे गुनाह माफ करके उनके घर जा कर निमंत्रण दिया। इनका दिमाग कैसा है, पता नहीं। राम के प्राण प्रतिष्ठा का अवसर था, उन्होंने उसका भी बहिष्कार किया।

कांग्रेस कहती है भ्रष्टाचारियों को बचाओ-
मोदी ने कहा कि कांग्रेसी कुछ भी बोलते जा रहे हैं। जब मैं कहता हूं कि भ्रष्टाचार हटाओ तो वह कह रहे हैं भ्रष्टाचारी बचाओ। उन्होंने भीड़ से प्रश्न किया कि भ्रष्टाचार हमारे देश के लिए विनाशक है कि नहीं है? भ्रष्टाचार खत्म होना चाहिए कि नहीं?
 धामी सरकार अच्छा काम कर रही है-

पीएम ने कहा कि अब आपको राशन और दवा की चिंता करने की जरूरत नहीं रही। आने वाले पांच साल तक मुफ्त राशन और अस्पताल में मुफ्त इलाज मिलता रहेगा। धामी और उनकी सरकार इन सारी बातों के लिए बहुत मेहनत करके शानदार काम कर रही है।

पीएम मोदी का परिवारवाद पर निशाना-
पीएम ने कांग्रेस के परिवारवाद पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली का शाही परिवार फिर खुद का परिवार यही सब कुछ कांग्रेस की परंपरा में है। लेकिन मोदी के लिए तो मेरा भारत ही मेरा परिवार है।
उन्होंने कहा, विकसित भारत के संकल्प के लिए विकसित उत्तराखंड हमारी प्राथमिकता है। इस काम के लिए मेरा पल-पल आपके नाम है। मेरा पल-पल देश के नाम है। मेरी गारंटी है 24×7 और 2047 ये मोदी की आपको गारंटी है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि पांचों सीटों पर पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दें। उन्हें पोलिंग बूथ को जीतना है।

 पर्यटन को दिया जा रहा बढ़ावा –

पर्यटन और चारधाम यात्रा का उत्तराखंड को विकसित करने में बड़ा योगदान है। इसलिए हम यहां रोडवेज, रेलवे, एयरवेज की लगातार सुविधा दे रहे हैं। यहां ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन पर तेजी से काम हो रहा है। दिल्ली से देहरादून की दूरी सिमट रही है। उत्तराखंड के सीमावर्ती गांव को कांग्रेस अंतिम गांव कहती थी, हमने उसे पहला गांव बनाकर विकास किया है। आदि कैलाश के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हो गई है। चारधाम यात्रा को भी सुगम बनाने की ओर सरकार काम कर रही है। यह सब इसलिए हो रहा भाजपा की नियत सही है। जब नियत सही होती है तो नतीजे भी सही मिलते हैं। केदारनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। बीते वर्ष 55 लाख तीर्थयात्री यहां पहुंचे। मानसखंड में आदि कैलाश और ओम पर्वत की यात्रा पर भी यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। पर्यटन बढ़ने का मतलब है रोजगार का बढ़ना। उत्तराखंड में हो रहे विकास में अब पलायन की जड़ों को बीते दिनों बात बताया गया है। उत्तराखंड के नौजवानों ने स्टार्टअप शुरू किए। यहां बेटियां आगे बढ़ रही हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


*